नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा कदम उठाते हुए भारत पर कुल 50% इंपोर्ट टैरिफ लागू कर दिया है। इसमें 25% का बेस टैरिफ और रूस से तेल खरीदने पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ शामिल है। यह नियम बुधवार, 27 अगस्त सुबह 9:31 बजे से लागू हो गया। इस फैसले का सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था, निर्यात और नौकरियों पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं इसके 10 बड़े असर—
1. भारत बना हाई-टैरिफ टारगेट
भारतीय उत्पादों पर कुल अमेरिकी टैरिफ अब 50% हो गया है। जेपी मॉर्गन के मुताबिक, भारत का प्रभावी एक्सपोर्ट टैरिफ 34% तक पहुंच गया है, जो चीन के बाद दूसरा सबसे ऊंचा है।
2. टेक्सटाइल और मशीनरी पर खतरा
भारत के वैल्यू-ऐडेड निर्यात का 1.1% हिस्सा अमेरिका पर निर्भर है। खासकर टेक्सटाइल और मशीनरी इंडस्ट्री को बड़ा झटका लग सकता है।
3. कपड़ा उद्योग पर सबसे ज्यादा मार
कॉटन बेडलिनेन और जर्सीज जैसे उत्पादों पर 50% टैरिफ के कारण भारत का कॉम्पिटिटिव फायदा खत्म हो जाएगा। वियतनाम और बांग्लादेश भारत का मार्केट छीन सकते हैं।
4. जेम्स-ज्वेलरी इंडस्ट्री दबाव में
गुजरात और महाराष्ट्र का यह बड़ा रोजगार स्त्रोत बुरी तरह प्रभावित होगा। मांग में गिरावट से लाखों नौकरियों पर खतरा मंडरा सकता है।
5. जीडीपी ग्रोथ पर असर
50% टैरिफ से भारत की GDP स्लो हो सकती है। ज्यादा लेबर-आधारित इंडस्ट्री में रोजगार घटने से घरेलू खपत पर भी असर पड़ेगा।
6. निवेशकों का भरोसा हिलेगा
भारत ने हमेशा कहा कि यहां टैरिफ ASEAN देशों से कम हैं। अब यह धारणा टूट सकती है, जिससे FDI और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर में गिरावट आएगी।
7. चालू खाता घाटा बढ़ने का खतरा
CAD फिलहाल 0.6% है। लेकिन लंबे समय तक टैरिफ शॉक जारी रहा तो यह 1.5% तक जा सकता है और BoP बिगड़ सकता है।
8. विदेशी मुद्रा भंडार पर नजर
भारत के पास 638 अरब डॉलर का फॉरेक्स रिजर्व है। हालांकि, रुपये की मजबूती FPI पर निर्भर है, जो कभी भी बदल सकता है।
9. सर्विसेज एक्सपोर्ट फिलहाल सुरक्षित
IT और बिजनेस सर्विसेज अभी टैरिफ से बाहर हैं। लेकिन अगर भविष्य में इन पर टैरिफ लगा तो भारत की ग्रोथ स्टोरी को सबसे बड़ा झटका लगेगा।
10. ग्लोबल वैल्यू चेन में हिस्सेदारी पर असर
असल खतरा भारत की ग्लोबल सप्लाई चेन में पोजीशन का है। अगर ट्रेड डील नहीं हुई, तो एक्सपोर्ट, निवेश और रोजगार तीनों पर असर होगा।
अस्वीकरण: इस लेख में दी गई जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध सार्वजनिक स्रोतों से एकत्रित की गई है। पाठकों से अनुरोध है कि वे इस जानकारी को उपलब्ध स्रोतों से सत्यापित करें।








