
Published on: 17/08/2025
गुरुग्राम: मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विनर एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शनिवार सुबह तड़के उनके गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग की घटना हुई। सुबह करीब साढ़े 5 से 6 बजे के बीच हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। राहत की बात ये रही कि घटना के वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे।
एल्विश यादव का नाम पहली बार विवादों से नहीं जुड़ा है। इससे पहले भी वे कई बार सुर्खियों में रह चुके हैं—कभी जान से मारने की धमकी, कभी सांप के ज़हर कांड और कभी यूट्यूबर मैक्सटर्न से झगड़ा। आइए जानते हैं उनके विवादों का पूरा सफर।
पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी
एल्विश ने खुद बताया था कि जब वे लंदन में थे, तब उन्हें व्हाट्सऐप पर जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकी देने वालों ने 1 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी थी। इस मामले में उन्होंने पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
सांप के जहर मामले में गिरफ्तारी
नवंबर 2023 में एल्विश यादव पर बड़ा आरोप लगा। उन पर नोएडा की रेव पार्टी में सांप का जहर सप्लाई करवाने का केस दर्ज हुआ। वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जांच में अधिकारियों ने 9 सांप और 20 मिलीलीटर जहर बरामद किया। करीब 8 दिन जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।
यूट्यूबर मैक्सटर्न संग झगड़ा
मार्च 2024 में एल्विश का नाम एक और विवाद में आया। यूट्यूबर मैक्सटर्न (सागर ठाकुर) से उनका झगड़ा हो गया था। एल्विश ने खुद माना था कि उन्होंने मैक्सटर्न को थप्पड़ मारा। आरोप ये भी लगे कि मैक्सटर्न ने उन्हें और उनके परिवार को जलाकर मारने की धमकी दी थी। यह मामला सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
एल्विश की पॉपुलैरिटी
विवादों के बावजूद एल्विश की फैन फॉलोइंग जबरदस्त है। वे बिग बॉस OTT और लाफ्टर शेफ्स 2 जैसे शो के विजेता रह चुके हैं। उनकी हर गतिविधि सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो जाती है।
अस्वीकरण: इस लेख में दी गई जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध सार्वजनिक स्रोतों से एकत्रित की गई है। पाठकों से अनुरोध है कि वे इस जानकारी को उपलब्ध स्रोतों से सत्यापित करें।