बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी ही पत्नी की बीच सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचा और सरेंडर कर दिया। इस घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्या के पीछे ‘शक’ और पारिवारिक विवाद मुख्य वजह बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक महिला की पहचान 39 वर्षीय भुवनेश्वरी के रूप में हुई है, जो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरननगर शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, आरोपी पति बालामुरुगन एक प्राइवेट आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। दोनों मूल रूप से तमिलनाडु के सेलम जिले के रहने वाले थे और बेंगलुरु में रह रहे थे।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि बालामुरुगन को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसे लगता था कि भुवनेश्वरी का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर पिछले काफी समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी।
सिर में मारी दो गोलियां, मौके पर ही हुई मौत
यह खौफनाक वारदात मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे राजाजीनगर इंडस्ट्रियल एरिया की मुख्य सड़क पर हुई। पुलिस ने बताया कि बालामुरुगन ने बेहद करीब से भुवनेश्वरी पर चार राउंड फायरिंग की। इसमें से दो गोलियां सीधे भुवनेश्वरी के सिर में लगीं, जबकि दो गोलियां उसके बाएं हाथ में धंस गईं।
गोली लगने के बाद भुवनेश्वरी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। स्थानीय लोग और पुलिस उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के तुरंत बाद बालामुरुगन हाथ में पिस्तौल लिए खुद बसवेश्वरननगर पुलिस स्टेशन पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
नौकरी छोड़कर करने लगा था पत्नी की जासूसी
बालामुरुगन और भुवनेश्वरी की शादी साल 2011 में हुई थी। करीब 12 साल तक सब कुछ ठीक चला, लेकिन पिछले डेढ़ साल से उनके रिश्ते में कड़वाहट आ गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि 18 महीने पहले भुवनेश्वरी अपने बच्चों को लेकर अलग रहने लगी थीं।
हैरानी की बात यह है कि शक की सनक में बालामुरुगन ने अपनी अच्छी-खासी आईटी की नौकरी तक छोड़ दी थी। वह केवल इस फिराक में रहता था कि भुवनेश्वरी कहां जाती है और किससे मिलती है। करीब चार महीने पहले उसने भुवनेश्वरी का नया घर ढूंढ निकाला था और उसके करीब रहने के लिए केम्पापुरा अग्रहारा में शिफ्ट हो गया था।
तलाक का नोटिस मिलते ही आपा खो बैठा पति
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भुवनेश्वरी ने बालामुरुगन से तलाक (Divorce) मांगा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। करीब एक हफ्ते पहले जब बालामुरुगन को भुवनेश्वरी की तरफ से कानूनी रूप से तलाक का नोटिस मिला, तो वह आगबबूला हो गया। मंगलवार शाम को जब भुवनेश्वरी काम खत्म कर घर लौट रही थी, तभी बालामुरुगन ने उन्हें रास्ते में रोका और खूनी खेल खेल दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास पिस्तौल कहां से आई।
अस्वीकरण: इस लेख में दी गई जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध सार्वजनिक स्रोतों से एकत्रित की गई है। पाठकों से अनुरोध है कि वे इस जानकारी को उपलब्ध स्रोतों से सत्यापित करें।
